गुरुवार, 15 जनवरी 2015

मांगलिक होने का अर्थ क्या है?


मंगल की स्थिति से रोजी रोजगार एवं कारोबार मे उन्नति एवं प्रगति होती है तो दूसरी ओर इसकी उपस्थिति वैवाहिक जीवन के सुख बाधा डालती है।कुण्डली में जब प्रथम, चतुर्थ, सप्तम, अष्टम अथवा द्वादश भाव में मंगल होता है तब मंगलिक दोष (मांगलिक​ दोष​​) लगता है । इस दोष को विवाह के लिए अशुभ माना जाता है।यह दोष जिनकी कुण्डली में हो उन्हें मंगली जीवनसाथी ही तलाश करनी चाहिए ऐसी मान्यता है। सातवाँ भाव जीवन साथी एवम गृहस्थ सुख का है । इन भावों में स्थित मंगल अपनी दृष्टि या स्थिति से सप्तम भाव अर्थात गृहस्थ सुख को हानि पहुँचाता है ज्योतिशास्त्र में कुछ नियम बताए गये हैं जिससे वैवाहिक जीवन में मांगलिक दोष नहीं लगता है।

कोई जातक चाहे वह स्त्री हो या पुरुष उसके मांगलिक होने का अर्थ है कि उसकी कुण्डली में मंगल अपनी प्रभावी स्थिति में है। शादी के लिए मंगल को जिन स्थानों पर देखा जाता है वे १,४,७,८ और १२ भाव हैं। इनमें से केवल आठवां और बारहवां भाव सामान्य तौर पर खराब माना जाता है। सामान्य तौर का अर्थ है कि विशेष परिस्थितियों में इन स्थानों पर बैठा मंगल भी अच्छे परिणाम दे सकता है। तो लग्न का मंगल व्यक्ति की पर्सनेलिटी को बहुत अधिक तीक्ष्ण बना देता है, चौथे का मंगल जातक को कड़ी पारिवारिक पृष्ठभूमि देता है। सातवें स्थान का मंगल जातक को साथी या सहयोगी के प्रति कठोर बनाता है। आठवें और बारहवें स्थान का मंगल आयु और शारीरिक क्षमताओं को प्रभावित करता है। इन स्थानों पर बैठा मंगल यदि अच्छे प्रभाव में है तो जातक के व्यवहार में मंगल के अच्छे गुण आएंगे और खराब प्रभाव होने पर खराब गुण आएंगे। मांगलिक व्यक्ति देखने में ललासी वाले मुख का, कठोर निर्णय लेने वाला, कठोर वचन बोलने वाला, लगातार काम करने वाला, विपरीत लिंग के प्रति कम आकर्षित होने वाला, प्लान बनाकर काम करने वाला, कठोर अनुशासन बनाने और उसे फॉलो करने वाला, एक बार जिस काम में जुटे उसे अंत तक करने वाला, नए अनजाने कामों को शीघ्रता से हाथ में लेने वाला और लड़ाई से नहीं घबराने वाला होता है। इन्हीं विशेषताओं के कारण गैर मांगलिक व्यक्ति अधिक देर तक मांगलिक के सानिध्य में नहीं रह पाता।

मंगलिक दोष 
१. कुण्डली में जब प्रथम, चतुर्थ, सप्तम, अष्टम अथवा द्वादश भाव में मंगल होता है तब मंगलिक दोष  लगता है।
२. कुण्डली में चतुर्थ और सप्तम भाव में मंगल मेष अथवा कर्क राशि के साथ योग बनाता है तो मंगली दोष लगता है।

मंगल भी निम्न लिखित परिस्तिथियों में दोष कारक नहीं होगा :
१. चतुर्थ और सप्तम भाव में मंगल मेष, कर्क, वृश्चिक अथवा मकर राशि में हो और उसपर क्रूर ग्रहों की दृष्टि नहीं हो।
२. मंगल राहु की युति होने से मंगल दोष का निवारण हो जाता है।
३. लग्न स्थान में बुध व शुक्र की युति होने से इस दोष का परिहार हो जाता है।
४. कर्क और सिंह लग्न में लगनस्थ मंगल अगर केन्द्र व त्रिकोण का स्वामी हो तो यह राजयोग बनाता है जिससे मंगल का अशुभ प्रभाव कम हो जाता है।
५. वर की कुण्डली में मंगल जिस भाव में बैठकर मंगली दोष बनाता हो कन्या की कुण्डली में उसी भाव में सूर्य, शनि अथवा राहु हो तो मंगल दोष का शमन हो जाता है।
६. जन्म कुंडली के १,४,७,८,१२,वें भाव में स्थित मंगल यदि स्व ,उच्च मित्र आदि राशि -नवांश का ,वर्गोत्तम ,षड्बली हो तो मांगलिक दोष नहीं होगा।
७. यदि १,४,७,८,१२ भावों में स्थित मंगल पर बलवान शुभ ग्रहों कि पूर्ण दृष्टि हो।

मंगल दोष के लिए व्रत और अनुष्ठान  
अगर कुण्डली में मंगल दोष का निवारण ग्रहों के मेल से नहीं होता है तो व्रत और अनुष्ठान द्वारा इसका उपचार करना चाहिए. मंगला गौरी और वट सावित्री का व्रत सौभाग्य प्रदान करने वाला है. अगर जाने अनजाने मंगली कन्या का विवाह इस दोष से रहित वर से होता है तो दोष निवारण हेतु इस व्रत का अनुष्ठान करना लाभदायी होता है.जिस कन्या की कुण्डली में मंगल दोष होता है वह अगर विवाह से पूर्व गुप्त रूप से घट से अथवा पीपल के वृक्ष से विवाह करले फिर मंगल दोष से रहित वर से शादी करे तो दोष नहीं लगता है.प्राण प्रतिष्ठित विष्णु प्रतिमा से विवाह के पश्चात अगर कन्या विवाह करती है तब भी इस दोष का परिहार हो जाता है.मंगलवार के दिन व्रत रखकर सिन्दूर से हनुमान जी की पूजा करने एवं हनुमान चालीसा का पाठ करने से मंगली दोष शांत होता है.कार्तिकेय जी की पूजा से भी इस दोष में लाभ मिलता है.महामृत्युजय मंत्र का जप सर्व बाधा का नाश करने वाला है. इस मंत्र से मंगल ग्रह की शांति करने से भी वैवाहिक जीवन में मंगल दोष का प्रभाव कम होता है.लाल वस्त्र में मसूर दाल, रक्त चंदन, रक्त पुष्प, मिष्टान एवं द्रव्य लपेट कर नदी में प्रवाहित करने से मंगल अमंगल दूर होता है. आइए जाने कि कुंडली में मंगल दोष कैसे होता है। जब मंगल कुंडली के १, ४, ७, ८ या १२ वें स्थान पर हो तो यह एक मंगल दोष है और ऐसे जातक को मांगलिक कहा जाता है। हमारे समाज में मंगल दोष की उपस्थिति एक बहुत बड़ा डर या भ्रम बन गया है। यहां तक की ज्योतिष की लिखी हुई पुरानी किताबों में भी मंगल दोष के बारे में मतभेद हैं, क्या क्या अपवाद उपलब्ध हैं और निवारण के उपाय क्या हैं। जो भी हो मंगल दोष को अनदेखा नहीं किया जा सकता। यह वैवाहिक जीवन में समस्याएं पैदा कर सकता है। इसलिए विवाह से पहले मंगल दोष के लिए कुंडली मिलाना अनिवार्य है। यह भी जरुरी है कि कुंडली का विश्लेषण करें और यह पता लगाएं कि कुंडली में मंगल दोष है या नहीं।

१. यदि मंगल १ले भाव में रख कर ४, ७ और ८ भाव पर दृष्टि करता है। तो १ हाउस व्यक्ति के चरित्र  को दर्शाता है। इस कारण से व्यक्ति बहुत आवेगी और तुरंत गुस्सा करनेवाला हो सकता है। मंगल से दृष्ट ४ थां भाव ,घर, गाड़ी, अग्नि, रसायन या बिजली से दुर्घटना को दर्शाता है। दृष्ट ७ वें भाव में वैवाहिक जीवन में बाधायें आती हैं। ८ वें भाव में होने से भयंकर दुर्घटना हो सकती है। इस प्रकार लग्न में मंगल का बैठना अशुभ माना जाता है।
२. यदि मंगल ४ थें भाव में बैठा है तो यह ४ के साथ ७, १० और ११ को भी प्रभावित करेगा। हमने ४ और ७ के प्रभावित प्रभावों को देखा है। प्रभावित १०वां भाव व्यवसाय में तेजी से बदलाव, अनिद्रा और पिता से तनाव का कारण हो सकता है। ११ वें भाव के प्रभावित होने से चोरी या दुर्घटना में हानि हो सकती है। इसलिए ४ थे भाव में मंगल बहुत अच्छा नहीं है।
३. यदि मंगल ७ वें भाव में हो तो यह १०, १ और२ को प्रभावित करता है। ७वां भाव वैवाहिक जीवन और जीवनसाथी का स्थान होता है। इसलिए यहां मंगल का होना वैवाहिक जीवन में कठिनाइयों का सूचक है। २ रे भाव में मंगल पारिवारिक सदस्यों के बीच विवाद पैदा करता है। मतभेद के कारण परिवार में ख़ुशी की कमी और समस्याएं आ सकती हैं। पैसे खो सकते हैं या खर्च की अधिकता हो सकती है। इसलिए ७ वें भाव में मंगल कठिनाइयों को बढ़ा सकता है।
४. यदि मंगल ८ वें घर में बैठा है तो यह ११, २ और ३ को प्रभावित करेगा। व्यक्ति आग, रसायन या बिजली से जानलेवा दुर्घटना का शिकार हो सकता है। यदि ३रां घर मंगल से दृष्ट है तो भाई बहन में तनाव होता है। यह व्यक्ति को बहुत कठोर और हठी बना देता है। इसलिए ८ वें घर में मंगल का होना अच्छा नहीं है।
५. अगर मंगल १२ वें भाव में हो तो यह ३, ६ और ७ भाव को प्रभावित करता है। १२ वां भाव व्यक्ति की आदतों को दर्शाता है। इससे व्यक्ति खर्च की अधिकता के बोझ तले दब जाता है। व्यक्ति को हाइपर टेंशन के साथ ही पेट से जुड़ी और खून से जुड़ी बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए १२ हाउस में मंगल का होना भी अशुभ है। इस प्रकार मंगल दोष कई तरह की समस्यायों का कारण है। लेकिन ये बहुत मोटे दिशा निर्देश हैं। कई अन्य पहलू और कोण से अध्ययन की जरूरत है। कुडली की समग्र शक्ति, ग्रहों की शक्ति, उपयोगी पहलू और मंगल की शक्ति पर अवश्य विचार किया जाना चाहिए। 

मंगल दोष के अपवाद और निवारण:
१. यदि मंगल दुर्बल है।
२. यदि मंगल आच्छादित है।
३. यदि मंगल मेष या वृश्चिक में है।
४. यदि मंगल उच्च का है।
५. यदि मंगल सिंह के ८वें भाव में है।
६. यदि मंगल धनु के १२ वें भाव में है।
७. यदि मंगल लाभदायक है।
८. यदि उच्च लाभ ९ वें घर में बैठा हो।
९. यदि मंगल नवांश में अपनी राशि में हो ।
१०. यदि लड़का और लड़की दोनों मांगलिक हों ।
मंगल दोष वैवाहिक जीवन में समस्याएं लाता है और उसे बहुत प्रभावित करता है । लेकिन कुंडली मिलान और मंगल दोष का आकलन एक विशेषज्ञ ज्योतिष का काम है और यह लड़का लड़की दोनों की
कुंडली का सावधानीपूर्व विश्लेषक करने के बाद ही किया जा सकता है। 

यहां मंगल दोष निवारण के कुछ उपाय दिए गए हैं। 
ये मंगल दोष के प्रभाव को काम करेंगे और अच्छा परिणाम देंगे :
१. प्रतिदिन गणेशजी को गुड़ और लाल फूल चढ़ाएं और पूजा करते हुए १०८ बार यह मंत्र पढ़ें: ॐ गं गणपतये नमः।
२. यदि स्वस्थ हों तो हर चार महीने में एक बार मंगलवार को रक्तदान करें।
३. मंगल यन्त्र की स्थापना करें और मंगल प्रार्थना करें।
४. मंगलवार को सूर्योदय से लेकर अगले सूर्योदय तक का व्रत करें और इस अवधि में सिर्फ फल और दूध ही लें।
५. मंगल चंडिका मंत्र का नियमित जाप करें।
६. कुम्भ विवाह, विष्णु विवाह और अश्वत्थ विवाह कराएं।
७. प्रतिदिन हनुमान चालीसा पढ़ें।
८. चिड़ियों को मीठा खिलाएं।

शुक्रवार, 2 जनवरी 2015

प्राचीन भारत वंश​


जम्बूद्वीप के एक प्रमुख देश भारतवर्ष में पहले देव, असुर, गंधर्व, किन्नर, यक्ष, नाग, पिशाच, सिद्ध, चारण, रक्ष आदि जातियां निवास करती थीं। बाद में कुरु, पांचाल, पुण्ड्र, कलिंग, मगध, दक्षिणात्य, अपरांतदेशवासी, सौराष्ट्रगण, तहा शूर, आभीर, अर्बुदगण, कारूष, मालव, पारियात्र, सौवीर, संधव, हूण, शक, शाल्व, कोशल, मद्र, आराम, अम्बष्ठ, मलेच्छ और पारसी गण रहने लगे। भारत के पूर्वी भाग में किरात (चीनी) और पश्चिमी भाग में यवन (अरबी) बसे हुए थे। 

भारतवर्ष की सीमा : भारत की सीमाएं हिन्दूकुश पर्वत से बर्मा तक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक थीं। दूसरी ओर हिन्दूकुश पर्वतमालाओं से लेकर कराची तक का क्षे‍त्र भारतवर्ष कहलाता था। भारत में बहती हैं सिंधु और उसकी सहायक नदियां, विवस्ता, सरस्वती, यमुना, गंगा और उसकी सहायक नदियां, गोदावरी, नर्मदा, शिप्रा, ताप्ती, कृष्णा, कावेरी, ब्रह्मपुत्र नदी और उसकी सहायक नदियां आदि।

भारतीय कुल : मूल रूप से प्राचीन भारत में अयोध्या कुल, यदु कुल, पौरव कुल और कुरुवंश का शासन था लेकिन इनके अलावा दिवोदास (काशी), दुर्दम (हैहय), कैकय (आनव), गाधी (कान्यकुब्ज), अर्जुन (हैहय), विश्वामित्र (कान्यकुब्ज), तालजङ्घ (हैहय), प्रचेतस (द्रुह्यु), सुचेतस (द्रुह्यु), सुदेव (काशी), दिवोदास द्वितीय, बलि (आनव) और किशकिंधा (वानर) आदि का भी राज्य शासन रहा। दूसरी ओर मगध साम्राज्य पर कई राजवंशों का आधिपत्य रहा।

भारत में जनपद : अंग, अवंति, अश्मक, कंबोज, काशी, कुरु, कोशल, गांधार, चेदि, पंचाल, मगध, मत्स्य, मल्ल, वज्जि, वत्स, शूरसेन, कलिंग, पुंड्र, किरातक, प्रगियोतिशपुर, विजय नगर, किशकिंधा, विदर्भ, मलय, अमरावती आदि। हर काल में ये जनपद बदलते रहे। लेकिन जिस व्यक्ति ने उक्त संपूर्ण जनपदों पर राज किया वही चक्रवर्ती सम्राट कहलाया।

मध्यकाल में भारत की दुर्गति हो गई। अरब, तुर्क और ईरानियों ने भारत को लूटा। अंग्रेज काल में भारत के इतिहास को तोड़-मरोड़कर उसके गौरवशाली पन्ने नष्ट कर दिए गए। आजाद भारत में यहीं काम वामपंथियों और अंग्रेजों के गुलामों ने किया। यहां प्रस्तुत है सबसे प्रारंभिक और सबसे प्राचीनकाल के उन लोगों की लिस्ट जिन्होंने किसी काल में धरती पर राज किया था और जो हिन्दू धर्म के विस्तार के जन्मदाता हैं और जिन्होंने समय-समय पर वेदों की रक्षा की। इनमें से भी मरीचि, अत्रि, अंगिरस, भृगु, प्रचेता, पुलस्य, पुलह, स्वायंभुव मनु के कुल का ही विस्तार अधिक हुआ। ब्रह्मा ने सिर्फ जीवों की रचना ही नहीं ‍‍की बल्कि उन्होंने इस धरती को मानव जाति के रहने लायक भी बनाया। इसके लिए उन्होंने और उनके पुत्रों ने जो कार्य किए उनका वर्णन पुराणों में मिलता है। ऋषि कश्यप के पुत्र विवस्वान से वैवस्वत मनु का जन्म हुआ।  महाराज मनु को इक्ष्वाकु, नृग, धृष्ट, शर्याति, नरिष्यन्त, प्रान्शु, नाभाग, दिष्ट, करुष और पृषध्र नामक १० श्रेष्ठ पुत्रों की प्राप्ति हुई और इनके कुल ने भारत पर राज किया। ये अयोध्या कुल के राजा थे। भारत में ब्रह्मा के पुत्रों से सूर्यवंश, चंद्रवंश, नागवंश, अग्निवंश, ऋषिवंश, गंधर्ववंश आदि वंशों की स्थापना हुई। बहुत समय पहले ब्रह्मा ने मनुष्यों में एकता और शांति स्थापित करने के लिए विशालकाय मानवों की रचना भी की थी लेकिन अब उनका अस्तित्व नहीं बचा। यहां प्रस्तुत है उन सम्राटों की लिस्ट जिन्होंने भारत का निर्माण किया या जिन्होंने भारतीय धर्म और संस्कृति की रक्षा की।

प्रजापति : ब्रह्मा कौन थे? क्या वे धरती के इंसान थे या कि वे अंतरिक्ष से उतरे देवता? इसका शोध होना जरूरी है। ब्रह्मा को आदेश मिला था कि वे धरती पर जीवों की रचना करें और उन्होंने ऐसा ही किया। उनके कई पुत्र थे जिनमें से प्रमुख थे- मरीचि, अत्रि, अंगिरस, पुलस्य, पुलह, कृतु, भृगु, वशिष्ठ, दक्ष, कर्दम, प्रचेता, नारद, सनक, सनन्दन, सनातन, सनतकुमार, स्वायंभुव मनु, चित्रगुप्त। (प्रजापतियों के काल में ही ब्रह्मा, विष्णु और शिव थे)।
ब्रह्मा पुत्रों का राज : ब्रह्मा पुत्रों ने बसाया धरती को। यह सबसे प्राचीनकाल था, जब धरती पर जीवों और प्राणियों की उत्पत्ति हो रही थी तो दूसरी ओर धरती की प्रकृति बदल रही थी। एक द्वीप की यह धरती बहुत बाद में चार द्वीप में बदली, फिर सप्त द्वीप की हो गई। सबसे पहले मरीचि, अत्रि और भृगु में साम्राज्य विस्तार की होड़ चली। मरीचि और दक्ष का भगवान शिव से झगड़ा हो चला था जिसके चलते उन्हें अपने प्राण खोना पड़े।

कश्यप : मरीचि पुत्र ऋषि कश्यप (अरिष्टनेमी) की कई पत्नियां थीं जिससे हजारों पुत्रों का जन्म हुआ। कश्यप ऋषि कश्मीर के पहले राजा थे। कश्मीर को उन्होंने अपने सपनों का राज्य बनाया। कश्मीर में बहुत सारे भरे हुए जल को उन्होंने बाहर निकालकर उस स्थान को रहने और जीने लायक बनाया।
देवता (सुर) : मरीचि के पत्नी अदिति से १२ पुत्र थे- विवस्वान, अर्यमा, पूषा, त्वष्टा, सविता, भग, धाता, विधाता, वरुण, मित्र, इंद्र और त्रिविक्रम (भगवान वामन)। हिमालय और तिब्बत इनका गढ़ था। सभी पुत्रों ने अपने-अपने क्षेत्र को चुना। विवस्वान देवताओं के अधिपति बने, अर्यमा पितरों के, वरुण जल के और इंद्र स्वर्ग के। इसी तरह सभी भिन्न लोक के अधिपति बने। 

दैत्य (असुर) : कश्यप की दूसरी पत्नी के भी कई पुत्र थे जिनमें प्रमुख थे- हिरण्यकशिपु और हिरण्याक्ष। इनके कुल में ही राजा बलि, अनुहल्लाद, हल्लाद, भक्त प्रह्लाद, संहल्लाद, मधु और कैटभ हुए। भारत से मिस्र तक का क्षेत्र इनका राज्य था। इससे पहले ये दानवों के साथ इलावृत में रहते थे।
दानव : कश्यप की तीसरी पत्नी दनु से द्विमुर्धा, शम्बर, अरिष्ट, हयग्रीव, विभावसु, अरुण, अनुतापन, धूम्रकेश, विरुपाक्ष, दुर्जय, अयोमुख, शंकुशिरा, कपिल, शंकर, एकचक्र, महाबाहु, तारक, महाबल, स्वर्भानु, वृषपर्वा, महाबली पुलोम और विप्रचिति आदि ६१ महान दानव जन्मे।

नाग : कश्यप की चौथी पत्नी कद्रू से- अनंत (शेषनाग), वासुकी, तक्षक, कर्कोटक, पद्म, महापद्म, शंख और कुलिक जन्मे। कश्मीर इनका गढ़ था। अनंतनाग इनकी राजधानी थी। नाग जाति मानवों की एक जाति का ही नाम है। बाद में उन्होंने मथुरा और अ‍वंतिका पर भी कब्जा कर लिया था। नाग जातियों में कई महान और प्रतापी राजा हुए हैं। पुराणों में कहीं- कहीं सर्पमुखी मानवों का उल्लेख मिलता है। हालांकि ये उस तरह का मुखौटा पहनने के कारण हो सकता है।

 गंधर्व : कश्यप की पत्नी अरिष्टा के भी कई पुत्र थे जिनको गंधर्व कहा जाता था। गंधर्व जाति के लोगों को देवोपम भी कहते थे। गंधर्वों के दूसरे नाम ऽगातुऽ और ऽपुलमऽ भी हैं। देवलोक के पास ही इनका लोक था। ये देवताओं के गायक और औषधियों के जानकार थे। अथर्ववेद में ही उनकी संख्या ६,३३३ बताई गई है। गंधर्वों में भी कई महान प्रतापी राजा हुए और उनके कुल के लोगों ने अवंतिका में भी राज किया था। आज भी नर्तकियों के संबंधी और उनके यह कलाकार अपने को गंधर्व कहते हैं। चित्ररथ (अंगार पर्व) में अनेक गंधर्वों के नाम गिनाए गए हैं।
यक्ष और रक्ष : पुराणों के अनुसार कश्यप की सुरसा नामक रानी से यातुधान (राक्षस) उत्पन्न हुए, लेकिन एक कथा के अनुसार प्रजापिता ब्रह्मा ने समुद्रगत जल और प्राणियों की रक्षा के लिए अनेक प्रकार के प्राणियों को उत्पन्न किया। उनमें से कुछ प्राणियों ने रक्षा की जिम्मेदारी संभाली तो वे राक्षस कहलाए और जिन्होंने यक्षण (पूजन) करना स्वीकार किया वे यक्ष कहलाए। राक्षसों का प्रतिनिधित्व दो लोगों को सौंपा गया- ऽहेतिऽ और ऽप्रहेतिऽ। ये दोनों भाई थे। ये दोनों भी दैत्यों के प्रतिनिधि मधु और कैटभ के समान ही बलशाली और पराक्रमी थे। प्रहेति धर्मात्मा था तो हेति को राजपाट और राजनीति में ज्यादा रुचि थी। 

हेति के पुत्र विद्युत्केश हुए। विद्युत्केश के पुत्र सुकेश हुए। सुकेश को लावारिस छोड़ दिया गया, तब उसे भगवान शंकर और पार्वती ने पाला। बस यहीं से राक्षस जाति का भाग्य बदल गया। सुकेश ने गंधर्व कन्या देववती से विवाह किया। देववती से सुकेश के ३ पुत्र हुए- १. माल्यवान, २. सुमाली और ३. माली। तीनों भाइयों ने मिलकर विश्वकर्मा से त्रिकुट पर्वत के निकट समुद्र तट पर लंका का निर्माण कराया और उसे अपने शासन का केंद्र बनाया। तीनों भाइयों के वंशज में माल्यवान के वज्र, मुष्टि, धिरुपार्श्व, दुर्मख, सप्तवहन, यज्ञकोप, मत्त, उन्मत्त नामक पुत्र और अनला नामक कन्या हुई।

सुमाली के प्रहस्त, अकन्पन, विकट, कालिकामुख, धूम्राश, दंड, सुपार्श्व, सहादि, प्रधस, भास्कण नामक पुत्र तथा रांका, पुण्डपोत्कटा, कैकसी, कुभीनशी नामक पुत्रियां हुईं। इनमें से कैकसी रावण की मां थी। माली रावण के नाना थे। माली के अनल, अनिल, हर और संपात्ति नामक ४ पुत्र हुए। ये चारों पुत्र रावण की मृत्यु पश्चात विभीषण के मंत्री बने थे। 
रावण राक्षस जाति का नहीं था, उसकी माता राक्षस जाति की थी लेकिन उनके पिता यक्ष जाति के ब्राह्मण थे। जब माल्यवान, सुमाली और माली आदि राक्षसों को लंका से खदेड़ दिया गया, तब लंका को प्रजापति ब्रह्मा ने धनपति कुबेर को सौंप दिया। रावण को राक्षसों का अधिपति बनाया गया, तब रावण ने राक्षस जाति के खोए हुए सम्मान को पुन: प्राप्त करने का वचन लिया और अपना विश्व विजय अभियान शुरू किया।

किन्नर : किन्नर हिमालय के क्षेत्रों में बसने वाली एक मनुष्य जाति का नाम था। आजकल ऽकिन्नरऽ शब्द का अर्थ बदल गया है। किन्नरों की उत्पति के बारे में दो मत हैं- एक तो यह कि वे ब्रह्मा की छाया अथवा उनके पैर के अंगूठे से उत्पन्न हुए और दूसरा यह कि कश्यप-अरिष्टा के कुल से थे। हिमालय का पवित्र शिखर कैलाश किन्नरों का प्रधान निवास स्थान था, जहां वे भगवान शंकर की सेवा किया करते थे। यक्षों और गंधर्वों की तरह वे नृत्य और गान में प्रवीण होते थे। उनके सैकड़ों गण थे और चित्ररथ उनका प्रधान अधिपति था।

शतपथ ब्राह्मण (७.५.२.३२) में अश्वमुखी मानव शरीर वाले किन्नर का उल्लेख है। बौद्ध साहित्य में किन्नर की कल्पना मानवमुखी पक्षी के रूप में की गई है। मानसार में किन्नर के गरूड़मुखी, मानव शरीरी और पशुपदी रूप का वर्णन है। हालांकि यह उस तरह का मुखौटा पहनने के कारण हो सकता है।

किन्नर हिमालय क्षेत्र में बसने वाली अति-प्रतिष्ठित व महत्वपूर्ण आदिम जाति है जिसके वंशज वर्तमान जनजातीय जिला किन्नौर के निवासी माने जाते हैं। हिमालय में आधुनिक कन्नौर प्रदेश के पहाड़ी लोग, जिनकी भाषा कन्नौरी, गलचा, लाहौली आदि बोलियों के परिवार की है आज भी यह जाति निवास करती है। पहले किन्नौर या किन्नर क्षेत्र बहुत विस्तृत था। कश्मीर से पूर्व नेपाल तक प्रायः सारा ही पश्चिमी हिमालय तो निश्चित ही किन्नर जाति का निवास था। चन्द्रभागा (चनाव) नदी के तट पर आज भी किन्नौरी भाषा बोली जाती है।

इंद्र, वरुण और कुबेर, अश्विनी कुमार आदि सभी हिमालय के उस पार उत्तर के क्षेत्र में रहते थे। अदिति के पुत्र इंद्र के नाम पर ही इंद्र पद की परंपरा की शुरुआत हुई। फिर इंद्र एक पद होने लगा। अब तक इस पद पर कई लोग बैठ चुके हैं। रावण के पुत्र मेघनाद ने भी देवलोक पर विजय प्राप्त कर इंद्र पद हथिया लिया था। मनु के काल में अलग इंद्र थे तो कृष्ण के काल में अलग। महाभारत युद्ध के बाद जातियों के संक्रमण और भिन्न-भिन्न संस्कृतियों और धर्मों के जन्म के बाद देवलोक में नए समाज और धर्म की स्थापना हुई और इंद्र प्रथा का राज्य समाप्त हो गया।

माना जाता है कि कश्यप ऋषि के नाम पर ही कश्मीर का प्राचीन नाम था। समूचे कश्मीर पर ऋषि कश्यप और उनके पुत्रों का ही शासन था। कश्यप ऋषि का इतिहास प्राचीन माना जाता है। कैलाश पर्वत के आसपास भगवान शिव के गणों की सत्ता थी। उक्त इलाके में ही दक्ष राजाओं का साम्राज्य भी था। इस काल में तिब्बत (त्रिविष्टप) को देवलोक माना जाता था जिसके उत्तर में गंधर्व लोक, गंधर्व के उत्तर में दानव लोक था। तिब्बत के दक्षिण में मानव और उसके भी दक्षिण में पाताल लोक था।

प्रारंभिक राजाओं की लिस्ट हमने पहले भाग में बताई : मरीचि, अत्रि, अंगिरस, पुलस्य, पुलह, कृतु, भृगु, वशिष्ठ, दक्ष, कर्दम, प्रचेता, नारद, सनक, सनन्दन, सनातन, सनतकुमार, स्वायंभुव मनु, चित्रगुप्त।कश्यप, विवस्वान, अर्यमा, पूषा, त्वष्टा, सविता, भग, धाता, विधाता, वरुण, मित्र, इंद्र और त्रिविक्रम (भगवान वामन)।  

द्विमुर्धा, शम्बर, अरिष्ट, हयग्रीव, विभावसु, अरुण, अनुतापन, धूम्रकेश, विरुपाक्ष, दुर्जय, अयोमुख, शंकुशिरा, कपिल, शंकर, एकचक्र, महाबाहु, तारक, महाबल, स्वर्भानु, वृषपर्वा, महाबली पुलोम और विप्रचिति आदि ६१ महान दानव जन्मे।

अनंत (शेषनाग), वासुकी, तक्षक, कर्कोटक, पद्म, महापद्म, शंख और कुलिक नाग। गंधर्व, यक्ष और रक्ष : यातुधान, हेति, प्रहेति, विद्युत्केश, सुकेश, माल्यवान, सुमाली, माली। वज्र, मुष्टि, धिरुपार्श्व, दुर्मख, सप्तवहन, यज्ञकोप, मत्त, उन्मत्त। प्रहस्त, अकन्पन, विकट, कालिकामुख, धूम्राश, दण्ड, सुपार्श्व, सहादि, प्रधस, भास्कण। अनल, अनिल, हर और संपात्ति।

शुक्रवार, 26 दिसंबर 2014

मृत्यु क्या है


जब किसी की बीमारी बढ़ जाती है, और वह समझ लेता है कि अब बचने की आशा नहीं, तो सब ओर से हटकर उसका जी यह सोचने लगता है कि मृत्यु क्या है? मरने के पीछे क्या होगा? इसी देह तक क्या सब कुछ था, या आगे भी कुछ और है? एक दिन अचानक मेरे जी में भी ये बातें उठीं, और सबसे पहले मैं यह सोचने लगा कि मृत्यु क्या है, पर ज्यों यह बात जी में आयी, त्यों गीता के ये बचन याद आये-ऽऽजैसे जीव के इस देह के लिए लड़कपन, जवानी और बुढ़ापा है, उसी तरह उसके लिए दूसरी देह को पाना (मरना) है, जो लोग धीरज वाले हैं, उनको इससे घबराहट नहीं होती-

यथा देही शरीरेऽस्मिन , कौमारं यौवनं जरा।
तथा देहान्तर प्राप्तिधीरस्तत्र न मुह्यति।

जैसे पुराने कपड़े को उतार कर मनुष्य दूसरे नये कपड़े को पहनता है उसी तरह से पुरानी देह छोड़कर जीव दूसरी नयी देह में चला जाता है।

वासांसि जीर्णानि यथा विहाय नवानि र्गृीति नरोऽपराणि।
तथा शरीराणि विहाय जीर्णान्यन्यानि संजाति नवानि देही।

गीता के इन वचनों के साथ भागवत की बात भी याद पड़ी, उसमें वासुदेव जी ने कंस को समझाते हुए कहा है कि, जब मनुष्य मर जाता है तो जीव अपनी करनी के मुताबिक बेबसों की तरह दूसरी देह को पाकर अपनी पुरानी देह को छोड़ देता है-

देहे पंचत्वमापन्ने देही कर्मानुगोऽवश:।
देहान्तरमनुप्राप्य प्राक्तनं त्यज्यते वपु : । 

जैसे तृण जलौका चलने के समय जब एक पाँव रख लेता है, तब दूसरा पाँव उठाता है, उसी प्रकार करनी के अनुसार जीव की भी गति है।

ब्रजस्तिष्ठ न्यदैकेन यथैवैकेन गच्छति।
यथा तृण जलौकैवं देही कर्म गतिं गत : ।

इन कई एक पंक्तियों के पढ़ने से यह बात समझ में आ गयी होगी, कि मृत्यु क्या है? जैसा गीता और भागवत ने हमको बतलाया है, उससे पाया जाता है कि मृत्यु और कुछ नहीं एक प्रकार का परिवर्तन है।

डॉक्टर लूइस फ्रान्स के एक बहुत बड़े और प्रसिद्ध विद्वान हैं, उन्होंने फ्रान्सीसी भाषा में मृत्यु के बारे में एक पुस्तक लिखी है। उसका अनुवाद फ्रान्सीसी से अंगरेजी और अंगरेजी से उर्दू में हुआ है। उर्दू किताब का नाम अल्हयात बाद लममात है। उसके चौथे बाब में मौत के बारे में जो कुछ लिखा है, वह यह बात है ऽऽमौत जिन्दगी की सबसे पिछली मंजिल नहीं है, बल्कि एक तबदीली है, हम मरते नहीं, बल्कि सूरत बदलते हैं। मौत के परदे गिरना किसी बुरी हालत में पहुँचना या सदमा उठाना नहीं है, बल्कि आदमी के भाग्य का जो तमाशागाह है, यह उसका एक बहुत बड़ा असर डालने वाला सीन है। 

साँस चलने की तकलीफ बरबाद हो जाने या मिट जाने की अवस्था नहीं है, बल्कि एक ऐसी दर्दनाक हालत है, जो कभी नहीं टलती, न नेचर के कानून में हर तब्दीली के साथ मौजूद रहती है। सब लोग मानते हैं कि कीड़े मकोड़ों के सर्द और हिलने डुलने वाले बदामा को अपना बाहिरी लिबास चाक करना पड़ता है, जिसमें कि वह सुन्दर रंगवाली चमकीली तितली की सूरत में दिखलाई पड़े। 

जब तुम तितली को उसी घर देखो, जब वह अपने थोड़े दिन ठहरनेवाले ढकने से बाहर निकलती है, तो तुमको उस कैद करनेवाली जंजीर के तोड़ने से काँपती और हाँफती हुई दिखलाई पड़ेगी। उसको आराम की जरूरत है, जिसमें वह अपनी ताकत को आकाश में उड़ने के लिए इकट्ठा करे क्योंकि नेचर ने उसको इस हवा में उड़ने के लिए ही बनाया है। यही हमारी मौत की तकलीफ का नमूना है। हमको इस तरह की हर एक तकलीफ को सह लेना जरूरी है, जिसमें हम इस मिट्टी के घरौंदे छोड़कर उन अनजान लोकों में सैर के लिए तैयार हों, जो इस तरह देह छोड़ने के बाद हमारे सामने आते हैं।

कबीर साहब एक दोहे में कहते हैं कि ऽऽमरने से सारी दुनिया डरती है पर मेरे मन में आनन्द है, क्योंकि पूरा और सच्चा आनन्द मरने से ही मिलता है-

मरने ते सब जग डरे , मेरे मन आनन्द।
मरने ही ते पाइये , पूरन परमानन्द। 

कबीर साहब के स्वर में स्वर मिलाकर एक फारसी का कवि कहता है ऽऽदौड़ना, चलना, खड़ा होना, बैठना, सोना, और मरना यह दर्जे हैं, और इनके इतना ही हर ठहरने में आनन्द होता हैऽऽ। कवि का भाव यह है कि जब वह दौड़ता रहता है, और थक जाता है, तो चलने लगता है, क्यों? इसलिए कि दौड़ने से चलने में आनन्द है। जब किसी को चलने में थकान होती है, तब खड़ा हो जाता है, क्योंकि चलने से खड़े होने में कम मिहनत पड़ती है। 

इसलिए चलने से खड़े होने में आनन्द मिलता है। जब हम खड़े नहीं रह सकते, पैर दुखने लगते हैं, या जी नहीं चाहता कि खड़े रहें, तब हम बैठ जाते हैं, क्यों कि खड़े रहने से बैठने में आनन्द होता है। यही बात बैठे न रह सकने पर सोने में है। और जब हमने देख लिया कि दौड़ने से चलने में, चलने से खड़े होने में, खड़े रहने से बैठने में, और बैठने से सोने में आनन्द है, तो हमको यह मानना पड़ेगा, कि सोने से मरने में भी आनन्द है। क्योंकि जो बात अनुभव और युग से सिद्ध है, उसमें फिर कोई तर्क-वितर्क करने का स्थान नहीं रह जाता।

गीता और भागवत में जो कुछ मौत के विषय में लिखा है, उसमें यद्यपि खुली तौर पर यह नहीं कहा गया है, कि मौत भी आनन्द का साधन है। परन्तु यदि उन वचनों पर विचार किया जावेगा तो ज्ञात हो जावेगा कि कबीर साहब और फारसी के कवि ने जो कुछ कहा है, वह सर्वथा उसी की छाया है, क्योंकि जब हम पुराना कपड़ा उतारकर नया पहनेंगे, या पुरानी न काम देने योग्य देह छोड़कर नयी और काम की देह पावेंगे, तो यह कभी सम्भव नहीं है, कि हमको आनन्द न होवे। डॉक्टर लूइस ने भी इस बात को पूरी तरह से मान लिया है। इसलिए मौत क्या ठहरी। एक ऐसी दशा जिसमें आनन्द का अनुभव होता है।

कुछ लोग ऐसे हैं, जो जीव नहीं मानते, उनका बिचार है कि जैसे पान, सोपारी, खैर और चूना जब एक परिमित परिमाण में मिलते हैं, तो लाली अपने आप पैदा हो जाती है, उसी प्रकार पाँच तत्तव जब परिमित परिमाण में मिलते हैं, तो जीवन अपने आप बन जाता है। लाली पान सोपारी खैर, चूना से अलग कोई वस्तु नहीं है। वह एक छिपी दशा में पान, सोपारी, खैर, चूना में पहले ही से मौजूद रहती है, जब यह सब इकट्ठे होते हैं, तो वह उन्हीं में से प्रकट हो जाती है, कहीं अलग से नहीं आती, यही दशा पाँच तत्तव और जीव की भी है। जो लोग इस विचार के हैं, वे यह नहीं मानते कि जीव ज्यों एक देह को छोड़ता है, त्यों दूसरी देह में चला जाता है, वे कहते हैं कि जीव जब कोई अलग है ही नहीं, तो उसका आना जाना कैसा? 

जब तक देह में पाँच तत्तव इस ढंग से मिले रहते हैं, कि यह चल फिर सकती है, खा पी सकती है, सोच विचार सकती है, तभी तक जीवन है, अर्थात जीवन एक ऐसी अवस्था है, जो पाँच तत्तवों के ठीक-ठीक मिले रहने से होती है, जब पाँच तत्तवों का यह ढंग बिगड़ जाता है, और वह घट बढ़ जाते हैं, उस घड़ी उसकी वह पहली अवस्था नहीं रह जाती, जिसको हम जीवन कहते हैं, और इसी को हम लोग अपनी बोलचाल में मृत्यु कहकर पुकारते हैं। अर्थात मौत एक ऐसी अवस्था है, जो कि जीवन का उलटा है, और ऐसी दशा में किसी जीव को मानने की आवश्यकता नहीं रहती।

आप एक घड़ी को लीजिए और उसके कल पुर्जों को देखिए, जब तक कल पुरजे अपनी जगह पर ठीक-ठीक काम देते हैं, तब तक घड़ी चलती रहती है, उसकी सुइयाँ घूमती रहती हैं और घड़ी का सारा काम होता रहता है। पर जो इन कल पुरजों में कुछ भी अन्तर हुआ, और अपनी जगह पर ठीक-ठीक काम देने से वे चूके, तो समझिए घड़ी बिगड़ी और उसका सारा काम मिट्टी हुआ। इससे यह न समझना चाहिए कि कल पुरजों के सिवा उसमें कोई शक्ति ऐसी और थी जो घड़ी को चलाती थी, और उसका सारा काम पूरा करती थी, और उस शक्ति के निकल जाने से घड़ी बिगड़ी, और उसका कुल काम रुक गया। वरन उसके कल पुरजों का अपनी जगह पर रहना और उनका ठीक-ठीक काम देना ही उसकी शक्ति थी, सिवा इस शक्ति के उसमें और कोई शक्ति नहीं थी। 

यही दशा जीवन की है, इस तरह के विचार के लोग यही बतलाते हैं, वे कहते हैं कि ठीक घड़ी के कल पुरजों की दशा इस देह के कल पुरजों की भी है, जब तक पाँच तत्तव ठीक-ठीक अपनी जगह पर काम देते हैं, तब तक ये भी ठीक-ठीक चलते हैं, देह भी अपना सब काम ठीक-ठीक करती है, जहाँ पाँच तत्तव का सामंजस्य बिगड़ा, वहाँ देह के कल पुरजे भी बिगड़े और देह भी अपने समस्त कामों से रहित हुई। पर इसका यह अर्थ कभी नहीं हो सकता कि देह में जीव नाम की कोई दूसरी शक्ति मौजूद थी और वह निकलकर किसी दूसरी जगह चली गयी, और इसी से देह का सारा काम बन्द हो गया, और आदमी मर गया। कई एक दूसरे धर्म वालों का विचार भी मृत्यु के बारे में ठीक ऐसा ही, या इससे कुछ मिलता-जुलता हुआ है, इससे उनकी चर्चा यहाँ नहीं की गयी।

इस तरह के लोगों ने जैसा मृत्यु को बतलाया है, उससे भी मौत कोई डरावनी वस्तु नहीं ज्ञात होती। पाँच तत्वों के किसी परिमित परिमाण से मिलने पर एक पुतला बना था, वह पुतला उन तत्तवों के उस अवस्था को छोड़ देने से बिगड़ गया, उसका सब सामान फिर अपने मुख्य रूप में हो गया, हवा हवा में, मिट्टी मिट्टी में, आकाश आकाश में, पानी पानी में, और तेज तेज में मिल गया। फिर अब और चाहिए क्या? बँद समुद्र बन गयी, तेज सूर्य हो गया, परमाणु पृथ्वी हुआ, अंश अखिल बना, इससे बढ़कर और कौन आनन्द की बात होगी?

मंदिर जाने का वैज्ञानिक महत्व--


  1. - वैदिक पद्धति के अनुसार मंदिर वहां बनाना चाहिए जहां से पृथ्वी की चुम्बकीय तरंगे घनी हो कर जाती है.
  2. - इन मंदिरों में गर्भ गृह में देवता की मूर्ती ऐसी जगह पर स्थापित की जाती है.
  3. - इस मूर्ती के नीचे ताम्बे के पत्र रखे जाते है जो यह तरंगे अवशोषित करते है.
  4. - इस प्रकार जो व्यक्ति रोज़ मंदिर जा कर इस मूर्ती की घडी के चलने की दिशा में प्रदक्षिणा करता है वह इस एनर्जी को अवशोषित कर लेता है.
  5. - यह एक धीमी प्रक्रिया है और नियमित करने से व्यक्ति की सकारात्मक शक्ति का विकास होता है.
  6. - मंदिर तीन तरफ से बंद रहता है जिससे ऊर्जा का असर बढ़ता है.
  7. - मूर्ती के सामने प्रज्वलित दीप उष्मा की ऊर्जा का वितरण करता है.
  8. - घंटानाद से मन्त्र उच्चार से ध्वनी बनती है जो ध्यान केन्द्रित करती है.
  9. - समूह में मंत्रोच्चार करने से व्यक्तिगत समस्याएँ भूल जाती है.
  10. - फूलों , कर्पुर और धुप की सुगंध से तनाव से मुक्ति हो कर मानसिक शान्ति मिलती है.
  11. - तीर्थ जल मंत्रोच्चार से उपचारित होता है. चुम्बकीय ऊर्जा के घनत्व वाले स्थान में स्थित ताम्रपत्र को स्पर्श करता है और यह तुलसी कपूर मिश्रित होता है. इस प्रकार यह दिव्य औषधि बन जाता है.
  12. - तीर्थ लेते समय वयुमुद्रा बना ली जाती है. देने वाला भी मन्त्र उच्चारित करता है, फिर पिने के बाद हाथों को शिखा यानी सहस्त्रार , आँखों पर स्पर्श करते है.
  13. - मंदिर में जाते समय वस्त्र यानी सिर्फ रेशमी पहनने का चालान इसीसे शुरू हुआ क्योंकि ये उस ऊर्जा के अवशोषण में सहायक होते है.
  14. - मंदिर जाते समय महिलाओं को गहने पहनने चाहिए. धातु के बने ये गहने ऊर्जा अवशोषित कर उस स्थान और चक्र को पहुंचाते है जैसे गले , कलाई , सिर आदि .
  15. - नए गहनों और वस्तुओं को भी मंदिर की मूर्ती के चरणों से स्पर्श कराकर फिर उपयोग में लाने का रिवाज है जो अब हम समझ सकते है की क्यों है .
  16. - मंदिर का कलश पिरामिड आकृति का होता है जो ब्रम्हांडीय ऊर्जा तरंगों को अवशोषित कर उसके नीचे बैठने वालों को लाभ पहुंचाता है.
  17. - हर एक सामान्य व्यक्ति को उच्च वैज्ञानिक कारण समझ में आये ऐसा आवश्यक नहीं इसलिए हमारे सभी रीती रिवाज धर्म और बड़ों के आदेश के रूप में निभाये जाते है.

॥ जीव क्या साथ लाता - क्या ले जाता है ? ॥

तीन शरीर माने गए हैं । 

  1. स्थूल - जिस समय यह जीव जाग्रत अवस्था में रहता है , उस समय इसकी सिथ्ती स्थूल शरीर में रहती है । तब इसका संबंध पांच प्राणों सहित २४ तत्वों से रहता है । पांच महाभूत - 1 आकाश , 2.वायु , 3. अग्नि , 4. जल और 5. पृथ्वी । पांच ज्ञानेन्द्रियाँ - 1. कान , 2. त्वचा , 3. आँख , 4. जीभ , और 5. नाक । पांच कर्मेन्द्रियाँ - 1. वाणी , 2. हाथ , 3. पैर , 4. उपस्थ और 5. गुदा । पांच विषय - 1. शब्द , 2. स्पर्श , 3. रूप, 4. रस, और 5. गंध । मन , बुद्धि , अहंकार और मूल प्रकृति यही चौबीस तत्व हैं । प्राणवायु के अलग मानने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि यह वायु तत्व में शामिल है । भेद बतलाने के लिए ही प्राण ,अपान , समान , व्यान , उदान नामक वायु के पांच रूप माने गए हैं ।
  2. सूक्ष्म - स्वप्नावस्था में जीव की सिथती सूक्ष्म शरीर में रहती है । इसमें १७ तत्व माने गए हैं । पांच प्राण , पांच ज्ञानेन्द्रियाँ , पांच विषय तथा मन और बुद्धि । इस सूक्ष्म शरीर के अंतर्गत तीन कोष माने गए हैं - प्राणमय , मनोमय , और विज्ञानमय । पांच कोशों में स्थूल शरीर ऽ अन्नमय ऽ कोष है । प्राणमय कोष में पांच प्राण हैं । उसके अंदर मनोमय कोष है , इसमें मन और इन्द्रियाँ हैं । उसके अंदर विज्ञानमय [ बुद्धि रुपी ] कोष है , इसमें बुद्धि और पांच ज्ञानेन्द्रियाँ हैं , यही सत्रह तत्व हैं । स्वप्न में इस सूक्ष्म रूप का अभिमानी जीव ही पूर्वकाल में देखे - सुने पदार्थों को अपने अंदर सूक्ष्म रूप से देखता है ।
  3. कारण - जब इसकी सिथति कारण शरीर में होती है , तब अव्याकृत माया प्रकृति रुपी एक तत्व से इसका संबंध रहता है । इसीसे उस जीव को किसी बात का ज्ञान नहीं रहता । इसी गाढ निद्रावस्था को सुषुप्ति कहते हैं । माया सहित ब्रह्म में लय होने के कारण उस समय जीव का संबंध सुख से होता है । इसलिए इसीको ऽ आनंदमय ऽ कोष कहते हैं । इसीसे इस अवस्था से जागने पर यह कहता है की ऽ मैं बहुत सुख से सोया ऽ , उसे और किसी बात का ज्ञान नहीं रहता , यही अज्ञान है , इस अज्ञान का नाम ही माया - प्रकृति है । ऽ सुख से सोया ऽ इससे सिद्ध होता है की उसे आनंद का अनुभव था । परन्तु अज्ञान में रहने के कारण , सुख रूप ब्रह्म में सिथत होने पर भी जीव को ज्यों -का त्यों लौट आना पड़ता है । स्थूल शरीर से निकलकर जब यह जीव बाहर जाता है , तब प्राणमय कोश वाला सत्रह तत्वों का सूक्ष्म शरीर इसमें से निकलकर अन्य शरीर में जाता है । भगवान ने कहा है - इस देह में यह जीवात्मा मेरा ही सनातन अंश है और वही इन त्रिगुणमई माया में सिथत पाँचों इन्द्रियों को आकर्षण करता है । जैसे गंध के स्थान से वायु गंध को ग्रहण करके ले जाता है , वैसे ही देहादी का स्वामी जीवात्मा भी जिस पहले शरीर को त्यागता है , उससे मन सहित इन इन्द्रियों को ग्रहण करके , फिर जिस शरीर को प्राप्त होता है , उसमें जाता है । प्राणवायु ही उसका शरीर है , उसके साथ प्रधानता से पांच ज्ञानेन्द्रियाँ और छठा मन [ अंत:कर्ण ] जाता है, इसीका विस्तार सत्रह तत्व है । यही सत्तरह तत्वों का शरीर शुभ- असुभ कर्मों के संस्कार के सहित जीव के साथ जाता है । 
  4. प्रलय -काल में जीवों के सूक्ष्म शरीर ब्रह्मा के सूक्ष्म शरीर में , संस्कारों सहित मिल जाते हैं और सृष्टि के आदि में उसीके द्वारा पुन: इनकी रचना हो जाती है। महाप्रलय में ब्रह्मा सहित सम्पूर्ण सूक्ष्म शरीर ब्रह्मा के शांत होने पर , शांत हो जाते हैं , उस समय एक मूल प्रकृति रहती है , जिसको अव्याकृत माया कहते हैं । उसी महाकारन में जीवों के समस्त कारण -शरीर संस्कारों सहित लीन हो जाते हैं । तब महासर्ग [ सृष्टि के आदि में ] में स्वयम भगवान पुन: सृष्टि की रचना करते हैं । अर्थात परमात्मारूप अधिष्ठाता के अधीन प्रकृति ही चराचर सहित इस जगत को रचती है , इसी तरह यह संसार आवागमन रूप चक्र में घूमता रहता है, महाप्रलय में पुरुष और उसकी शक्तिरूपा प्रकृति , यह दो ही व्स्तुवें रह जाती हैं , उस समय जीवों का प्रकृति सहित पुरुष में लय हूवा रहता है और सृष्टि के आदि में उनका पुन्रुथान होता है । 

मंगलवार, 2 दिसंबर 2014

श्रीकृष्ण के पुत्रों के नाम


श्रीकृष्ण की सोलह हजार एक सौ आठ पत्नियाँ थीं। प्रत्येक पत्नी से उन्होंने  दस दस पुत्र प्राप्त किये थे। इस प्रकार उनके समस्त पुत्रों की गिनती एक लाख इकसठ हजार अस्सी थी। उनके सभी पुत्रों का नाम बताना तो संभव नहीं है लेकिन उनकी आठ मुख्य रानियों के पुत्रों के नाम नीचे दिए हैं।
  1. रुक्मिणी: प्रधुम्न, चारुदेष्ण, सुदेष्ण, चारुदेह, सुचारू, चरुगुप्त, भद्रचारू, चारुचंद्र, विचारू और चारू।
  2. सत्यभामा: भानु, सुभानु, स्वरभानु, प्रभानु, भानुमान, चंद्रभानु, वृहद्भानु, अतिभानु, श्रीभानु और प्रतिभानु।
  3. जाम्बवंती: साम्ब, सुमित्र, पुरुजित, शतजित, सहस्त्रजित, विजय, चित्रकेतु, वसुमान, द्रविड़ और क्रतु।
  4. सत्या: वीर, चन्द्र, अश्वसेन, चित्रगु, वेगवान, वृष, आम, शंकु, वसु और कुन्ति।
  5. कालिंदी: श्रुत, कवि, वृष, वीर, सुबाहु, भद्र, शांति, दर्श, पूर्णमास और सोमक।
  6. लक्ष्मणा: प्रघोष, गात्रवान, सिंह, बल, प्रबल, ऊर्ध्वग, महाशक्ति, सह, ओज और अपराजित।
  7. मित्रविन्दा: वृक, हर्ष, अनिल, गृध्र, वर्धन, अन्नाद, महांस, पावन, वह्नि और क्षुधि।
  8. भद्रा: संग्रामजित, वृहत्सेन, शूर, प्रहरण, अरिजित, जय, सुभद्र, वाम, आयु और सत्यक।

कालचक्र

पुराणों के अनुसार भगवान विष्णु के नाभि कमल से उत्पन ब्रम्हा की आयु १०० दिव्य वर्ष मानी गयी है. पितामह ब्रम्हा के प्रथम ५० वर्षों को पूर्वार्ध एवं अगले ५० वर्षों को उत्तरार्ध कहते हैं. 

सतयुग, त्रेता, द्वापर एवं कलियुग को मिलकर एक महायुग कहते हैं. ऐसे १००० महायुगों का ब्रम्हा का एक दिन होता है. इसी प्रकार १००० महायुगों का ब्रम्हा की एक रात्रि होती है. अर्थात परमपिता ब्रम्हा का एक पूरा दिन २००० महायुगों का होता है. 

ब्रम्हा के १००० दिनों का भगवान विष्णु की एक घटी होती है. भगवान विष्णु की १२००००० (बारह लाख) घाटियों की भगवान शिव की आधी कला होती है. महादेव की १००००००००० (एक अरब) अर्ध्कला व्यतीत होने पर १ ब्रम्हाक्ष होता है.

अभी ब्रम्हा के उत्तरार्ध का पहला वर्ष चल रहा है (ब्रम्हा का ५१ वा वर्ष). 

ब्रम्हा के एक दिन में १४ मनु शाषण करते हैं:
1. स्वयंभू 2. स्वरोचिष 3. उत्तम 4. तामस  5. रैवत 6. चाक्षुष 7. वैवस्वत  8. सावर्णि  9. दक्ष  10. सावर्णि 
11. ब्रम्हा  सावर्णि 12.धर्म  सावर्णि  13.रूद्र  सावर्णि  14. देव  सावर्णि 15. इन्द्र सावर्णि
इस प्रकार ब्रम्हा के द्वितीय परार्ध (५१ वे) वर्ष के प्रथम दिन के छः मनु व्यतीत हो गए है और सातवे वैवस्वत मनु का अठाईसवा (२८) युग चल रहा है. इकहत्तर (७१) महायुगों का एक मनु होता है. १४ मनुओं का १ कल्प कहा जाता है जो की ब्रम्हा का एक दिन होता है. आदि में ब्रम्हा कल्प और अंत में पद्मा कल्प होता है. इस प्रकार कुल ३२ कल्प होते हैं. ब्रम्हा के परार्ध में रथन्तर तथा उत्तरार्ध में श्वेतवराह कल्प होता है. इस समय श्वेतवराह कल्प चल रहा है. इस प्रकार ब्रम्हा के १ दिन (कल्प) ४०००३२००००००० (चार लाख बतीस "करोड़") मानव वर्ष के बराबर है जिसमे १४ मवंतर होते है. चार युगों का एक महायुग होता है:

सतयुग: सतयुग का काल १७२८००० (सत्रह लाख अठाईस हजार) वर्षों का होता है. इस युग में चार अमानवीय अवतार हुए. मत्स्यावतार, कुर्मावतार, वराहावतार एवं नरिसिंघवातर. सतयुग में पाप ० भाग तथा पुण्य २० भाग था. मनुष्यों की आयु १००००० वर्ष, उचाई २१ हाथ, पात्र स्वर्णमय, द्रव्य रत्नमय तथा ब्रम्हांडगत प्राण था. पुष्कर तीर्थ, स्त्रियाँ पद्मिनी तथा पतिव्रता थी. सूर्यग्रहण ३२००० तथा चंद्रग्रहण ५००० बार होते थे. सारे वर्ण अपने धर्म में लीन रहते थे. ब्राम्हण ४ वेद पढने वाले थे.
त्रेतायुग: त्रेतायुग का काल १२९६००० (बारह लाख छियान्व्वे हजार) वर्षों का होता है. इस युग में तीन मानवीय अवतार हुए. वामन, परशुराम एवं राम. त्रेता में पाप ५ भाग एवं पुण्य १५ भाग होता था. मनुष्यों की आयु १०००० वर्ष, उचाई १४ हाथ, पात्र चांदी के, द्रव्य स्वर्ण तथा अस्थिगत प्राण था. नैमिषारण्य तीर्थ, स्त्रियाँ पतिव्रता होती थी.  सूर्यग्रहण ३२०० तथा चंद्रग्रहण ५०० बार होते थे. सारे वर्ण अपने अपने कार्य में रत थे. ब्राम्हण ३ वेद पढने वाले थे.
द्वापर युग: द्वापर युग का काल ८६४००० (आठ लाख चौसठ हजार) वर्षों का होता है. इस युग में २ मानवीय अवतार हुए. कृष्ण एवं बुद्ध. इस युग में पाप १० भाग एवं पुण्य १० भाग का होता था. मनुष्यों की आयु १००० वर्ष, उचाई ७ हाथ, पात्र ताम्र, द्रव्य चांदी तथा त्वचागत प्राण था. स्त्रियाँ शंखिनी होती थी. सूर्यग्रहण ३२० तथा चंद्रग्रहण ५० हुए. वर्ण व्यवस्था दूषित थी तथा ब्राम्हण २ वेद पढने वाले थे.
कलियुग: कलियुग का काल ४३२००० (चार लाख ३२ हजार) वर्षों का होता है. इस युग में एक अवतार संभल देश, गोड़ ब्राम्हण विष्णु यश के घर कल्कि नाम से होगा. इस युग में पाप १५ भाग एवं पुण्य ५ भाग होगा. मनुष्यों की आयु १०० वर्ष, उचाई ३.५ हाथ, पात्र मिटटी, द्रव्य ताम्र, मुद्रा लौह, गंगा तीर्थ तथा अन्नमय प्राण होगा. कलियुग के अंत में गंगा पृथ्वी से लीन हो जाएगी तथा भगवान विष्णु धरती का त्याग कर देंगे. सभी वर्ण अपने कर्म से रहित होंगे तथा ब्राम्हण केवल एक वेद पढने वाले होंगे अर्थात ज्ञान का लोप हो जाएगा.